शुक्रवार, 11 फ़रवरी 2011

उत्तराखंड में सस्ते अनाज की योजना शुरू


राजधानी में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी ने किया अटल खाद्यान्न योजना का शुभारंभ
नैनीताल में डा. निशंक ने बांटा बीपीएल को खाद्यान्न भाजपा सरकार की अगुवाई में राज्य विकास के पथ पर अग्रसर : गडकरी
देहरादून (एसएनबी)। प्रदेश सरकार ने आज राज्य में बहुप्रतीक्षित अटल खाद्यान्न योजना का शुभारंभ कर दिया। देहरादून में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने योजना का आगाज किया। इस मौके पर श्री गडकरी ने कहा कि गरीबों को सस्ता अनाज वितरित करने का निर्णय मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति से संभव हो सका है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ने खुद को विकास की दौड़ में स्थापित किया है। भाजपा सरकार की अगुवाई में राज्य की आर्थिक विकास की दर और प्रति व्यक्ति आय बढ़ती जा रही है। बाद में मुख्यमंत्री ने अलग से नैनीताल में खाद्यान्न योजना का शुभारंभ किया। गांधी पार्क में आयोजित समारोह में बतौर मुख्य अतिथि श्री गडकरी ने कहा कि राजकाज चलाने के लिए गरीबों के लिए संवेदनशीलता जरूरी है। उन्होंने इस योजना की प्रशंसा करते हुए राज्य में छत्तीसगढ़ सरीखी सार्वजनिक वितरण पण्राली का अनुसरण करने की सलाह दी। मुख्यमंत्री डा. रमेश पोखरियाल निशंक ने कहा कि बीपीएल श्रेणी के लोगों को दो रुपये किलो गेहूं और तीन रुपये किलो चावल देकर राज्य सरकार ने अंत्योदय के सपने को साकार किया है। पूर्व मुख्यमंत्री भुवन चन्द्र खंडूड़ी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी के शासनकाल में गरीब व्यक्ति को सस्ता राशन देने की पहल हुई थी। 
पूर्व मुख्यमंत्री नारायण दत्त तिवारी ने कहा कि इस योजना को सफल बनाने के लिए केंद्र सरकार भी पूरा सहयोग देगी। खाद्य मंत्री दिवाकर भट्ट ने कहा कि योजना के लिए सभी जनपदों में तैयारी की गई है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल ने कहा कि भाजपा सरकार ने अपनी घोषणा को अमलीजामा पहना दिया है। समारोह में विकासनगर की मजीदन, सहसपुर की लक्ष्मी देवी, रायपुर की मंजू देवी को राशन के बैग बांटे गए। इसके अलावा अटल आवास योजना के तहत देहरादून के कुछ लाभार्थियों को प्रथम किस्त भेंट की। समारोह में मेयर विनोद चमोली, विधायक गणोश जोशी, राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष मनोहरकांत ध्यानी, मीडिया सलाहकार समिति के अध्यक्ष देवेन्द्र भसीन, उपाध्यक्ष अजेंद्र अजय, आवास विकास सलाहकार परिषद के अध्यक्ष नरेश बंसल, उपाध्यक्ष युवा कल्याण सुभाष बड़थ्वाल सहित कई कार्यकर्ता व जनप्रतिनिधि मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन डा. देवेंद्र भसीन ने किया।
नैनीताल। मुख्यमंत्री डा. निशंक ने डीएसए फ्लैट मैदान में बीपीएल और एपीएल श्रेणी के लोगों को सस्ता राशन भेंट कर अटल खाद्यान्न योजना का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि बीपीएल को सस्ता राशन उपलब्ध कराने में उत्तराखंड देश का चौथा एवं एपीएल को भी ऐसी सुविधा देने वाला पहला राज्य बन गया है। उन्होंने केंद्र पर सौतेले बर्ताव का आरोप लगाया। इससे पूर्व डा. निशंक ने पार्टी अध्यक्ष बिशन सिंह चुफाल तथा काबीना मंत्री गोविंद सिंह बिष्ट के साथ दीप जलाकर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। श्री चुफाल ने कहा कि इस योजना का 11 लाख एपीएल श्रेणी के उपभोक्ताओं को भी लाभ मिलेगा। शिक्षा मंत्री बिष्ट ने कहा कि राज्य सरकार इस योजना से हर व्यक्ति को भोजन की गारंटी ले रही है। इस मौके पर संसदीय सचिव दीवान सिंह बिष्ट, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष ममता पलड़िया, पालिकाध्यक्ष मुकेश जोशी, पशु कल्याण बोर्ड की उपाध्यक्ष शांति मेहरा, हेमंत द्विवेदी, गजराज बिष्ट, अजय राजौर, हेम आर्या, ऋतु डालाकोटी, राजकुमारी गिरि, सलीम दुर्रानी, डा. देवी दत्त दानी, नवीन दुम्का और डा.मोहन बिष्ट ने अपने विचार रखे। संचालन अनिल डब्बू व हेमंत बिष्ट ने किया। कार्यक्रम में मंडलायुक्त कुणाल शर्मा, आईजी राम सिंह मीणा, डीएम शैलेश बगौली, एसएसपी एमएस बनंग्याल, सीओ अरुणा भारती, सीडीओ दीपक रावत व डीएसओ राहुल शर्मा सहित सभी विभागों के जिलास्तरीय अधिकारी भी मौजूद थे।

कोई टिप्पणी नहीं: